शनिवार, अक्टूबर 13, 2012

रोशनी होगी, सहर की राह देखो

रोशनी होगी, सहर की राह देखो
मुफ़्लिसों, अहलेवतन की चाह देखो

राह लंबी थी, कड़ी थी धूप लेकिन
लो, नज़र आने लगा है गाह, देखो

ख्वाहिशें कुछ रह गयी तो ग़म न करना
रामजी को भी मिला ना माह, देखो

अपनी तनहाई में यादों को टटोलों
हो वहीं शायद कोई हमराह, देखो

फिर कोई मासूम बच्चा हँसके बोला
आज फिर निकला है नंगा शाह, देखो

है भलाई दूर रहनेमें 'भँवर'से
डूब जाओ ना कहीं नागाह, देखो 

गुरुवार, सितंबर 27, 2012

छोड लफ़्ज़ों की वही फीकी नुमाई और लिख



छोड लफ़्ज़ों की वही फीकी नुमाई और लिख
बेज़ुबानों के दुखों की भर सियाही और लिख   

शम्म-परवानों के किस्सों से ज़रा परहेज़ कर
कर कलम बंदूक, खुद को कर सिपाही और लिख

हो अगर चारों तरफ फ़ाकाकशों की भीड भी
फ़िक्र ना कर, पेटभर तू खा मिठाई और लिख

शेर हैं हलके अभी, छोटी खयालों की उडान
ऐ 'भँवर', कुछ कम है मिसरों में सफाई; और लिख

शनिवार, जुलाई 07, 2012

किसी की शानमें दीवान लिखना चाहता हूँ

किसी की शानमें दीवान लिखना चाहता हूँ
मैं अदना शेरमें तारें पिरोना चाहता हूँ

तेरे आँचलमें छुपने का बहाना चाहता हूँ
के सचमें दूरियाँ सारी मिटाना चाहता हूँ

जुनूनेइश्क़ की हद आजमाना चाहता हूँ
किसी पत्थर के सीनेमें ठिकाना चाहता हूँ

सुना है लज़्ज़तेज़ख़्मेजिगर सबसे जुदा है
मुहब्बतमें ज़रासी चोट खाना चाहता हूँ

कलम गुस्ताख होने की इजाज़त चाहता है
तेरी तसवीर बेपर्दा बनाना चाहता हूँ

शरारत किस तरह करतें हैं सिखलाओ मुझे भी
किसी रूठी हसीना को मनाना चाहता हूँ

बुधवार, मई 02, 2012

बादलों से हो ढके उन माहताबों से हमें क्या

बादलों से हो ढके उन माहताबों से हमें क्या
जो कभी सर से न सरके उन हिजाबों से हमें क्या

जानते हैं, बेवफा हैं शोख, मस्ताना निगाहें
तश्नगी से हैं मरासिम, डर सराबों से हमें क्या

सच न हो तो ग़म नहीं है, यह नहीं उम्मीद उनसे
चंद लमहों का सुकूँ दें, और ख़्वाबों से हमें क्या

डर लगे चिंगारियों से, जल न जाए आशियाना
अपनी फुलवारी रहे, बस, इन्किलाबों से हमें क्या

हम 'भँवर' हैं, ढूँढ लेंगें अपने मतलब के चमन को
खिलने से जो तर्क कर लें उन गुलाबों से हमें क्या

बुधवार, मार्च 21, 2012

ख़्व्वाब, चैन, नींदें, सब कुछ मसल गए

ख़्व्वाब, चैन, नींदें, सब कुछ मसल गए
आरिज़ों से होकर आँसू निकल गए

आप को समाँ का जब तक पता चला
थक गयी बहारें, मौसम बदल गए

दास्ताँ सुनायी तो हाल यह हुआ
सच गले न उतरा, पर झूठ चल गए

आँधियों ने पूछा होगा मेरा पता
देख, नाखुदाके तेवर बदल गए

क्या तुम्हे ज़रूरत थी पाँव की, 'भँवर' ?
आ सके न चलकर, काँधों के बल गए

बुधवार, मार्च 07, 2012

वस्ल का हर ख़्वाब बर आता नहीं

वस्ल का हर ख़्वाब बर आता नहीं
लौट कर गर मुंतज़र आता नहीं

रूठने में आप माहिर हैं मगर
मान जाने का हुनर आता नहीं

ज़ुल्फ़ के साये में दम ले लूँ ज़रा
राह में आगे शजर आता नहीं

सोचता हूँ दिल लगा लूँ आपसे
और तो कोई नज़र आता नहीं

कम से कम मुस्कान ही दे दो हमें
मुफ़्त में लाल-ओ-गुहर आता नहीं

पंखड़ी से होंट, उस पर फिर शहद
फूल पर यूँ ही 'भँवर' आता नहीं 

गुरुवार, मार्च 01, 2012

ज़िंदगी का रुख बदल जाता

ज़िंदगी का रुख बदल जाता
या सुकून-ए-मर्ग मिल जाता

मुस्कराता, मैं उजल जाता
ग़म का सूरज, काश, ढल जाता

ज़िद खुशी की मैंने कब की थी?
बस, खुशी का ख़्व्वाब चल जाता

यह ज़ियादा तो न थी ख़्वाहिश
एक दिन तो दिल बहल जाता

रोते रोते ज़िंदगी गुज़री
हँसते हँसते दम निकल जाता